रायपुर। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत वनांचल के जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकान के सपने से खिलवाड़ करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के कड़े निर्देशों के बाद जिले में धोखाधड़ी के आरोपी ठेकेदारों पर लगातार कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला में तीन बैगा हितग्राहियों की गाढ़ी कमाई हड़पने के आरोप में पूर्व सरपंच पति व ठेकेदार शेख निजामुद्दीन उर्फ निक्की खान के खिलाफ चिल्फी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पीड़ितों के अधिकारों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।
ताजा मामले के अनुसार, ग्राम पंचायत बेंदा के आश्रित ग्राम दुलदुला निवासी हितग्राही राजीम धुर्वे, उनके भाई सोनेलाल धुर्वे और पड़ोसी छिरवैया धुर्वे को जनमन आवास योजना की स्वीकृति मिली थी। आरोपी ठेकेदार ने निर्माण कार्य पूरा कराने का झांसा देकर तीनों हितग्राहियों से पहली किस्त के 40-40 हजार और दूसरी किस्त के 60-60 हजार रुपये ले लिए। इस प्रकार कुल ₹2.40 लाख की राशि वसूलने के बाद भी ठेकेदार ने आवास का काम अधूरा छोड़ दिया और मांगने पर रकम लौटाने से भी इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
कबीरधाम जिले में पीएम जनमन योजना के तहत ठेकेदारों द्वारा आदिवासियों से धोखाधड़ी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले ग्राम आमानारा निवासी बैसाखू बैगा की शिकायत पर तरेगांव जंगल थाने में ठेकेदार तुमेश गोंड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। वहीं ग्राम राजाढ़ार के देवसिंह की रिपोर्ट पर चिल्फी थाने में ठेकेदार कुमार मेरावी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया जा चुका है। जिले में अब तक दर्ज तीनों मामलों को मिलाकर ठेकेदारों द्वारा कुल ₹7.49 लाख की ठगी किए जाने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद पुलिस सभी मामलों में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
