CG: झारखंड के 40 विधायक शाम तक पहुंचेंगे रायपुर, इस होटल में रुकेंगे; सुरक्षा व्यवस्था की हलचल बढ़ी



रायपुर। झारखंड के विधायकों के आज रायपुर आने की संभावना जताई जा रही है। नया रायपुर स्थित होटल मेफेयर में तैयारी तेज हो गई है। यूपीए के घटक दलों के विधायकों के यहां आने की चर्चा बीते चार दिन से चल रही है। बताया जा रहा है कि करीब 40 विधायक रायपुर के लिए रवाना होंगे। मिली जानकारी अनुसार कांग्रेस बैठक के नाम से रायपुर के होटल मेफेयर को बुक किया गया है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की हलचल भी बढ़ गई है।

झारखंड के विधायक शाम 5.30 बजे की फ्लाइट से यहां लाये जा सकते हैं। विधायक मुख्यमंत्री आवास ओर एकत्र हो रहे हैं। रांची से एक चार्टेड फ्लाइट बुक किया गया है। झारखंड में राजनीतिक अस्थिरता के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा, और कांग्रेस के विधायकों को रायपुर लाया जा रहा है। उनके नवा रायपुर के होटल में ठहरने का इंतजाम किया गया है। खास बात यह है कि यह दूसरा मौका है कि जब विधायकों को टूट से बचाने के लिए रायपुर लाया जा रहा है।

हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायकों को टूट से बचाने के लिए नवा रायपुर के होटल में ठहराया गया। अब उसी होटल में पड़ोसी राज्य के झामुमो और कांग्रेस के विधायकों को ठहराने की व्यवस्था की गई है। कहा जा रहा है कि विधायक दोपहर बाद यहां पहुंच सकते हैं।