छत्तीसगढ़ में BJP का हल्ला बोल, कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा के तीसरे लेयर को किया ध्वस्त, दो बैरिकेडिंग तोड़ पहुंचे कालीबाड़ी


रायपुर। छत्‍तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का प्रदर्शन शुरू हो गया है। नगर निगम मुख्‍यालय से भाजयुमो कार्यकर्ता सीएम हाउस घेरने कूच कर चुके हैं। इसी बीच भाजयुमो कार्यकर्ता दो बैरिकेडिंग तोड़कर कालीबाड़ी मंदिर तक पहुंचने में सफल हो गए हैं।

इसी बीच भाजयुमो कार्यकर्ताओं की पुलिस की झड़प हुई। जगह-जगह लगाए गए बैरिकेडिंग की वजह से कार्यकर्ता आगे नहीं बढ़ पाने की वजह से कार्यकर्ता उग्र हो गए। महिला थाना के पास लगाए बैरिकेडिंग को कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया और ओसीएम चौक की ओर बढ़ गए हैं।

इससे पहले नगर निगम मुख्‍यालय के सामने आयोजित सभा में प्रदर्शन में शामिल होने भाजपा प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्‍वरी, पूर्व मुख्‍यमंत्री डा रमन सिंह, प्रदेश अध्‍यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सहित भाजपा के दिग्‍गज नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।