Chhattisgarh News: ग्रामीण ने आरक्षक पर कुल्हाड़ी से किया हमला, थाना प्रभारी को त्रिशूल से धमकाया



Raigarh News: छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। रविवार को कुल्हाड़ी लेकर लोगाें को डरा धमका रहे ग्रामीण ने कार्रवाई के लिए पहुंचे आरक्षक पर ही वार कर दिया। टीम के साथ पहुंचे थाना प्रभारी को भी त्रिशूल दिखाकर धमकाया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य गांव चोटीगुड़ा गांव का है।

रविवार की दोपहर घरघोड़ा पुलिस को सूचना मिली कि चोटीगुड़ा निवासी राजाराम राठिया 47 लोगों को हथियार दिखाकर डरा धमका रहा है। उसने लोगों पर हमला भी किया, जिससे एक युवक को चोट आई है। इस सूचना पर घरघोड़ा थाने में पदस्थ आरक्षक अवध बिहारी डायल 112 की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक आरोपित मौके से फरार हो गया था। पुलिस घायल युवक को लेकर घरघोड़ा सिविल अस्पताल आ रही थी। रास्ते में आरोपित अपने घर के सामने कुल्हाड़ी लेकर खड़ा हो गया और पुलिस के वाहन को आगे जाने से रोक दिया। वह पुलिस के प्रति आक्रोश दिखाने लगा। उसका कहना था कि पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकती। इस पर पुलिसकर्मी उसे ऐसा नहीं करने की समझाइश देने लगे।

आरोपित पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज करने लगा। पुलिसकर्मी उसे शांत करने की कोशिश कर रही रहे थे कि राजाराम ने आरक्षक अवध बिहारी पर कुल्हाडी से वार कर दिया। इससे अवध बिहारी के कान और हाथ में गंभीर चोटें आईं। वह लहूलुहान हो गए। 112 की टीम आरक्षक अवध बिहारी को लेकर तत्काल अस्पताल के लिए रवाना हुए और भर्ती कराया। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इस पर थाना प्रभारी प्रवीण मिंज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां थाना प्रभारी और उनकी टीम को देखकर भड़क गया। उसने अपने घर से त्रिशूल निकाला और थाना प्रभारी को धमकाने लगा। पुलिस टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया। घरघोड़ा पुलिस गैरजमानती धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच कर रही है।