धमतरी। जिला पुलिस की कमान संभालते ही नई पुलिस अधीक्षक (एसपी) भावना पांडे सख्त रुख में नजर आ रही हैं। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा प्रभावी व पारदर्शी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 8 निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया है। इस फेरबदल का मुख्य उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस नेतृत्व को मजबूती प्रदान करना और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसना है।
प्रशासनिक कसावट के इस कदम के तहत कई प्रमुख थानों और चौकियों में नेतृत्व परिवर्तन किया गया है। पुलिस व्यवस्था को अधिक जिम्मेदार और मुस्तैद बनाने के लिए कुछ स्थानों पर सहायक उप निरीक्षक (ASI) के स्थान पर सीधे निरीक्षक (Inspector) स्तर के अनुभवी अधिकारियों को कमान सौंपी गई है। जारी आदेश के अनुसार, रक्षित केंद्र धमतरी से निरीक्षक शरद ताम्रकार को थाना प्रभारी अर्जुनी, निरीक्षक उमेश पाटिल को थाना प्रभारी सिहावा, निरीक्षक समीर तिवारी को चौकी प्रभारी बिरेझर, निरीक्षक सन्नी दुबे को थाना प्रभारी रुद्री और निरीक्षक मधुनाथ ध्रुव को थाना प्रभारी बोराई की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके साथ ही, थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किए गए हैं। नगरी थाना प्रभारी रहे निरीक्षक अरुण साहू को अब भखारा थाने की कमान दी गई है, जबकि भखारा थाना प्रभारी निरीक्षक तापेश्वर नेताम को नगरी थाना प्रभारी पदस्थ किया गया है। वहीं, आधुनिक दौर में बढ़ते डिजिटल और साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अर्जुनी थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत साहू को थाना प्रभारी साइबर सेल की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसपी भावना पांडे के इस त्वरित और कड़े कदम से जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप के साथ-साथ मुस्तैदी बढ़ गई है।
