बलरामपुर. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ में पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के नाम पर कथित अवैध वसूली किए जाने के आरोप को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
प्रदर्शन के बाद युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बृजेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) शंकरगढ़ को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि थाना शंकरगढ़ पुलिस द्वारा धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों, बिना हेलमेट वाहन चालकों तथा वाहनों के दस्तावेजों की जांच के नाम पर क्षेत्र के लोगों से लगातार अवैध रूप से पैसे वसूले जा रहे हैं.
युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कई मामलों में नियमों के तहत कार्रवाई करने के बजाय लोगों से पैसे लेकर उन्हें छोड़ दिया जाता है. इससे आम लोग आर्थिक रूप से परेशान हो रहे हैं और क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
ज्ञापन में प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है. ज्ञापन की प्रतिलिपि बलरामपुर जिले के पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है.
इस दौरान पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हीरालाल यादव, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश सचिव संतोष इंजीनियर, धीरजन उरांव, एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष रुपेश यादव, जिला सचिव लिदु लकड़ा, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष दीपक बुनकर, ओसपाल यादव, सुनील पैकरा, आशीष यादव, जैद हसन, उमेश भास्कर, रीकेश यादव, राजू यादव, देवनारायण मरावी, मुकेश यादव, हेमंत यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे.
