जांजगीर-चांपा। जिले के शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा का तबादला सूरजपुर कर दिया गया है। उनके स्थान पर मनोहर प्रताप सिंह को जांजगीर-चांपा का नया जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है।
मनोहर प्रताप सिंह वर्तमान में खिसोरा, बलौदा में प्राचार्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। अब वे जांजगीर-चांपा जिले में जिला शिक्षा अधिकारी का पदभार संभालेंगे।
अशोक सिन्हा के कार्यकाल को लेकर जिले में शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता और विभागीय कामकाज पर लगातार सवाल उठते रहे। जिले की शिक्षा के स्तर में गिरावट, स्कूलों की व्यवस्थाओं तथा विभाग से जुड़ी विभिन्न शिकायतों को लेकर भी वे चर्चा में रहे। ऐसे में उनका तबादला शिक्षा विभाग में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
अब नए जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह के सामने जिले की बदहाल होती शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने की बड़ी चुनौती होगी। शिक्षकों की समस्याओं से लेकर स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता, विभागीय अनुशासन और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तक कई मोर्चों पर उन्हें काम करना होगा।
अब देखना होगा कि नए DEO के नेतृत्व में जांजगीर-चांपा की शिक्षा व्यवस्था में कितना बदलाव आता है और जिले की गिरती शैक्षणिक साख को वे किस हद तक सुधार पाते हैं।
