रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण विभाग (PWD) में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 56 कार्यपालन अभियंताओं (EE) के नवीन पदस्थापन आदेश जारी किए गए हैं। शासन द्वारा जारी इस विस्तृत सूची के बाद रायपुर, बिलासपुर, बस्तर और सरगुजा संभाग सहित प्रदेश भर के कई महत्वपूर्ण संभागों की मैदानी व्यवस्था बदल गई है।
आदेश के तहत अजय शिशिल नागर को रायपुर परिक्षेत्र से स्थानांतरित कर कार्यालय मुख्य अभियंता PWD बिलासपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खैरागढ़ संभाग से पी.एस. दीवान और राजनांदगांव से सुनील कुमार चौरसिया को नवा रायपुर पदस्थ किया गया है। बस्तर क्षेत्र में प्रशासनिक कसावट लाते हुए शिवलाल ठाकुर को दंतेवाड़ा संभाग से जगदलपुर परिक्षेत्र तथा के.के. सरत को कांकेर संभाग से PWD रायपुर मंडल भेजा गया है।
इसी क्रम में सी.एस. बिंद्रराज को बिलासपुर संभाग क्रमांक-1 से बिलासपुर मंडल, रणजीत अशोक धाटगे को कवर्धा से नवा रायपुर, और ए.एन. पात्र को नवा रायपुर से सेतु मंडल जगदलपुर में पदस्थ किया गया है। सरगुजा क्षेत्र में भी बदलाव देखने को मिले हैं; मोहन राम भगत को मुख्य अभियंता कार्यालय सरगुजा परिक्षेत्र से अधीक्षण अभियंता कार्यालय सरगुजा मंडल अम्बिकापुर, रामाधार ताम्बे को अम्बिकापुर संभाग से प्रमुख अभियंता कार्यालय नवा रायपुर, तथा एच.एस. साहू को सरगुजा मंडल से मुख्य अभियंता कार्यालय सेतु परिक्षेत्र रायपुर में नवीन पदस्थापना दी गई है।





