जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सांगठनिक नियुक्तियों में जांजगीर-चांपा जिले को अग्र पंक्ति में रखते हुए बड़ा सम्मान दिया है। भाजपा ने जिले के कद्दावर पिछड़े वर्ग के नेता अभिमन्यु राठौर को कोरबा जिले के ओबीसी (पिछड़ा वर्ग) मोर्चा का जिला प्रभारी नियुक्त किया है। इस नियुक्ति से स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और इसे जिले के राजनीतिक कद के बढ़ने के रूप में देखा जा रहा है।
नवनियुक्त जिला प्रभारी अभिमन्यु राठौर अपने छात्र जीवन से ही राजनीति में बेहद सक्रिय रहे हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले श्री राठौर जमीनी स्तर पर कार्य करने के लिए जाने जाते हैं। वे इससे पहले भाजपा के जिला मंत्री के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनके इसी संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें अब कोरबा जिले की कमान सौंपी है।
कोरबा जिले का प्रभारी बनाए जाने पर अभिमन्यु राठौर ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू और भाजपा रायगढ़ जिले के प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर का विशेष रूप से आभार जताया है। राठौर ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरेंगे और कोरबा में ओबीसी मोर्चा को मजबूत करेंगे।
