जांजगीर-चांपा। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच जिले में सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इसी बीच स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण वाले तीन से चार मरीज सामने आने से स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। इनमें से तीन लोगों का बिलासपुर में इलाज चल रहा है।
जिला अस्पताल में भी ऐसे मरीजों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों के लिए अस्पताल में अलग से आइसोलेशन कक्ष बनाया गया है, जहां लक्षण पाए जाने पर मरीजों को अन्य मरीजों से अलग रखकर उपचार और निगरानी की जा रही है।
हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू से संक्रमित कोई मरीज भर्ती नहीं है। मौसम परिवर्तन के कारण सर्दी-खांसी और बुखार के मरीज लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं। संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों को तत्काल आइसोलेट कर आवश्यक जांच और उपचार की व्यवस्था की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बदलते मौसम में सावधानी बरतने और सर्दी, खांसी या लगातार बुखार जैसे लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर पहचान और उपचार से संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने की सावधानी बरतने की अपील…
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लें। भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें, मास्क का उपयोग करें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने पर स्वयं दवा लेने के बजाय डॉक्टर की सलाह से उपचार कराने की अपील की गई है।
