सूरजपुर। जिले के ग्राम पंचायत पचीरा में मंगलवार को दस दिवसीय गणेश उत्सव का समापन हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ हुआ। ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के गूंजते जयकारों और भक्तिमय भजनों के बीच भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं को भव्य शोभायात्रा निकालकर विसर्जित किया गया।
शोभायात्रा के दौरान ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं और बच्चों में भारी उत्साह देखने को मिला। अबीर-गुलाल उड़ाते और ढोल-ताशों की थाप पर थिरकते श्रद्धालु प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन स्थल पहुंचे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की ओर से जगह-जगह भंडारे और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता के इस आयोजन को सफल बनाने में सामाजिक कार्यकर्ता लाल बहादुर यादव, अमलिकेश्वर राजवाड़े, जय सिंह बैगा, सरपंच जीतराम मिंज, उपसरपंच अरुण राजवाड़े, वार्ड क्रमांक-5 सदस्य मनोज राजवाड़े, रामदेव, राजेश, भानु, बिट्टू, छोटी, अनु, परी, सोनू, दुर्गा सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।
