गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल के पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया और यात्रियों की सांसें अटक गईं, जब एक विक्षिप्त मानसिक स्थिति में दिख रहा युवक अचानक प्लेटफॉर्म पर खड़ी एक मालगाड़ी के डिब्बे की छत पर जा चढ़ा। युवक को इतनी ऊंचाई पर ओएचई (Overhead Equipment) की हाईटेंशन लाइनों के बेहद करीब देखकर स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। युवक के आत्मघाती कदम की आशंका को देखते हुए मौके पर मौजूद हर शख्स सहम गया।
घटना की गंभीरता को भांपते हुए रेलवे प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तत्परता दिखाई। किसी भी संभावित बड़े हादसे या करंट की चपेट में आने से बचाने के लिए सबसे पहले पेंड्रा रोड स्टेशन से गुजरने वाली ओवरहेड बिजली आपूर्ति को तुरंत बंद कराया गया। बिजली कटने के बाद रेलवे पुलिस और स्थानीय गौरेला थाना पुलिस ने मोर्चा संभाला और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए घंटों तक समझाइश का दौर चलता रहा।
घंटों चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे और कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस और रेलवे की टीम ने युवक को सकुशल नीचे उतारने में सफलता हासिल की। सुरक्षित बचाए जाने के बाद पुलिस ने युवक को अपनी कस्टडी में ले लिया है। प्राथमिक शिनाख्त में युवक की पहचान गौरेला थाना क्षेत्र के तरईगांव निवासी के रूप में हुई है, जिसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मामला आत्महत्या के प्रयास का नजर आ रहा है, हालांकि युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
