जांजगीर-चांपा। शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अकलतरा विधानसभा क्षेत्र के 100 से अधिक युवाओं को युवा कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह ने पाठ्यसामग्री वितरित कर शिक्षा और रोजगार की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल की है। विधायक की इस पहल से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
पाठ्यसामग्री वितरण के दौरान विधायक राघवेंद्र सिंह ने कहा कि युवाओं के हाथों में किताबें देखकर उन्हें बेहद खुशी और संतोष का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि शिक्षक बनने का सपना देख रहे इन युवाओं की मेहनत को सही दिशा और बेहतर संसाधन मिलें, यही इस पहल का उद्देश्य है।
उन्होंने युवाओं को सफलता के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर मेहनत को मूलमंत्र बनाने की प्रेरणा दी। विधायक ने कहा कि आज की छोटी-सी मदद किसी युवा के भविष्य की बड़ी सफलता की वजह बन सकती है।
विधायक की इस पहल को क्षेत्र के युवाओं ने सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महंगी पाठ्यसामग्री कई अभ्यर्थियों के लिए चुनौती बन जाती है। ऐसे में जरूरतमंद और मेहनती युवाओं तक अध्ययन सामग्री पहुंचाना निश्चित रूप से उनका हौसला बढ़ाने वाला कदम है।
किताबें केवल कागज के पन्ने नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य की राह दिखाने का माध्यम हैं। विधायक की इस पहल ने युवाओं को यह संदेश दिया है कि उनके सपनों को पूरा करने की राह में समाज और जनप्रतिनिधियों का सहयोग भी उनके साथ खड़ा है। शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे सभी युवाओं को विधायक ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की।
