बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में शनिवार को हुई दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। भारी बारिश के चलते जहां एक ओर नदी पूरे उफान पर आ गई, वहीं दूसरी ओर रामानुजगंज-वाड्रफनगर मुख्य मार्ग पर जनपद कार्यालय के समीप सड़क के किनारे का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। व्यस्त मार्ग पर सड़क धंसने से हड़कंप मच गया, लेकिन खबर मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाई और मौके पर मोर्चा संभालते हुए प्रभावित स्थल को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया है।
संभावित हादसों को टालने के लिए प्रशासन ने धंसे हुए हिस्से के दोनों ओर तत्काल मजबूत बैरिकेडिंग करवा दी है। इसके साथ ही, रात के अंधेरे या कम दृश्यता (Fog/Rain) में भी वाहन चालकों को दूर से ही खतरा भांपने में मदद मिले, इसके लिए पूरे क्षेत्र को लाल रिबन और रिफ्लेक्टर टेप से घेर दिया गया है।
इस संवेदनशील स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर तैनात है और लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। संबंधित तकनीकी विभाग को युद्ध स्तर पर सड़क की मरम्मत करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं, ताकि इस मुख्य मार्ग पर आवागमन को जल्द से जल्द पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु बनाया जा सके।
इस बीच, जिला प्रशासन ने रामानुजगंज-वाड्रफनगर मार्ग का उपयोग करने वाले वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा संकेतों और बैरिकेडिंग का पूरी तरह पालन करें। साथ ही, आम जनता से इस प्रभावित हिस्से के पास अनावश्यक रूप से न जाने और खराब मौसम में यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है।
इसके अलावा मूसलाधार बारिश की वजह से निर्माणाधीन कंठी घाट पर भारी मिट्टी का कटाव हुआ है, जिससे चांदों-सामरी मार्ग बेहद खतरनाक हो चुका है। कटाव के कारण यह मार्ग असुरक्षित हो गया है। इसलिए एहतियातन उस मार्ग पर प्रशासन ने यात्री बसों के आवागमन पर फिलहाल अस्थाई रूप से रोक लगा दी है।
