कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के मलदा घाट स्थित एक प्लॉट के पास बनी डबरी से बरामद अज्ञात शव की पहचान पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक की शिनाख्त जुराली गांव निवासी 50 से 55 वर्षीय बुधराम गोंड के रूप में की गई है। शव कई दिन पुराना होने के कारण क्षत-विक्षत अवस्था में पहुंच चुका था। पुलिस ने मर्ग कायम कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटनाक्रम के अनुसार, कुछ दिन पूर्व मलदा घाट क्षेत्र में ग्रामीणों ने डबरी किनारे लावारिस शव देखकर पुलिस को सूचित किया था। कटघोरा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक स्तर पर पहचान न हो पाने के कारण आसपास के सभी थानों में गुमशुदगी संबंधी रिकॉर्ड खंगाले गए और तस्वीरें साझा की गईं। सघन जांच और तकनीकी इनपुट के आधार पर अंततः शव की पहचान जुराली निवासी बुधराम के रूप में सुनिश्चित हुई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बुधराम अपनी पत्नी के साथ गांव में रहता था, जबकि उसकी पत्नी कटघोरा में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती है। परिजनों के अनुसार बुधराम पिछले कुछ समय से लकवाग्रस्त था और उसे चलने-फिरने में गंभीर कठिनाई होती थी। वह अचानक घर से लापता हो गया था, जिसके बाद उसका शव मलदा घाट के पास बरामद हुआ।
पुलिस प्रथम दृष्टया इसे बीमारी और अस्वस्थता के चलते हुई आकस्मिक मौत मानकर चल रही है, हालांकि किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों को सूचित कर अग्रिम जांच जारी है।
