जशपुर। छत्तीसगढ़ में चल रहे धान खरीदी सीजन के दौरान सीमावर्ती राज्यों से अवैध रूप से धान खपाने की कोशिशों पर जशपुर पुलिस लगातार सख्त नजर बनाए हुए है। इसी कड़ी में चौकी आरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से अवैध रूप से लाए जा रहे धान से लदे एक ट्रक और दो पिकअप वाहनों को पकड़ लिया। पुलिस ने कुल 416 बोरियों में भरे 149 क्विंटल धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 42 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 जनवरी की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि चौकी आरा क्षेत्र के ग्राम केतार के पास एक ट्रक में भारी मात्रा में धान लोड है, जिसे झारखंड से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने ग्राम केतार स्थित पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध ट्रक क्रमांक JH-01-GF-0332 को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान ट्रक में 290 बोरियों में भरा 90 क्विंटल धान पाया गया। पूछताछ में चालक गणेश यादव, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम खुटगांव थाना कुनकुरी ने स्वीकार किया कि वह धान झारखंड से जशपुर ला रहा था। धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या मंडी टोकन प्रस्तुत न कर पाने पर पुलिस ने ट्रक सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया।
इसी तरह 11 जनवरी की शाम करीब 7 बजे मुखबिर की सूचना पर ग्राम बोकी में घेराबंदी कर दो पिकअप वाहन क्रमांक JH-07-H-0224 और JH-01-CV-2140 को रोका गया। जांच के दौरान पहले पिकअप से 66 बोरियों में 30 क्विंटल और दूसरे पिकअप से 60 बोरियों में 29 क्विंटल धान बरामद किया गया। पिकअप चालकों ने अपने नाम क्रमशः शेखर यादव, उम्र 26 वर्ष निवासी मधुबनटोली जशपुर और सजीत कुमार, उम्र 25 वर्ष निवासी पुरानानगर जशपुर बताए। दोनों ही चालकों ने धान झारखंड से लाने की बात स्वीकार की, लेकिन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों सहित कुल 59 क्विंटल धान जब्त कर कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया।
इस प्रकार जशपुर पुलिस ने महज दो दिनों में अवैध धान परिवहन करते हुए एक ट्रक और दो पिकअप से कुल 149 क्विंटल धान जब्त किया है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी आरा सहायक उप निरीक्षक चंद्र प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक विद्यासागर पैंकरा और आरक्षक बेलसाजर कुजूर की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक जिले में 2100 क्विंटल से अधिक अवैध धान पकड़ा जा चुका है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
