सूरजपुर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस प्रशासन अब बेहद सख्त रुख अपना रहा है। डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के सीधे निर्देशन में जिले भर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वर्ष 2026 में अब तक नशे में वाहन चलाने के 219 मामलों में पुलिस ने न केवल वाहनों को जब्त किया, बल्कि न्यायालय के माध्यम से संबंधित चालकों पर 20 लाख 1 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना भी लगाया है।
यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर पुलिस की यह सक्रियता केवल शराब के सेवन तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य नियमों की अनदेखी करने वालों पर भी गाज गिरी है। इस वर्ष अब तक कुल 25,369 विभिन्न प्रकरणों में पुलिस ने 86 लाख 65 हजार 200 रुपये का समन शुल्क वसूला है, जिनमें बिना हेलमेट और बिना सीटबेल्ट के 2250-2250 मामले शामिल हैं। इसी अभियान के क्रम में बीते 6 और 7 मई को कर्मा चौक व अग्रसेन चौक पर की गई जांच के दौरान एक इनोवा और एक पिकअप वाहन के चालकों को नशे की हालत में पकड़ा गया। इन वाहनों को तत्काल जब्त कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ इनोवा चालक पर 10,500 रुपये का दंड आरोपित किया गया।
पुलिस प्रशासन का स्पष्ट मानना है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक की जान जोखिम में डालता है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य निर्दोष नागरिकों के लिए भी जानलेवा साबित होता है। इसी गंभीरता को देखते हुए लापरवाह चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। सूरजपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों को अपनी सुरक्षा का कवच समझें और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने में सहयोग दें। सड़क सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जिले के समस्त थाना और चौकियों की पुलिस टीमें इस अभियान को भविष्य में भी निरंतर जारी रखेंगी, ताकि सड़कों को सुरक्षित और भयमुक्त बनाया जा सके।
