– संतुलन बिगड़ने से मौत की आशंका
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार की सुबह एक खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मड़वारानी केबिन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक की लाश बरामद की गई। युवक का शव रेलवे के बिजली खंभे के तारों में संदिग्ध परिस्थितियों में फंसा हुआ था, जिसे देखकर इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने फौरन पुलिस को आगाह किया, जिसके बाद उरगा थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की कमान संभाली। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि यह हादसा देर रात उस वक्त हुआ होगा जब युवक किसी यात्री ट्रेन के पायदान पर खड़े होकर सफर कर रहा था और अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे हाई-वोल्टेज लाइन के खंभे से जा टकराया। लगभग 24 वर्षीय इस युवक ने काले रंग का लोअर और टी-शर्ट पहनी हुई है।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल के अनुसार, पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, हालांकि मृतक की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है और पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी पहचान जुटाने की कोशिश कर रही है।
