कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में किन्नर समाज की प्रमुख और जानी-मानी सामाजिक कार्यकर्ता मालती किन्नर का निधन हो गया है। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं और नगर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
मालती किन्नर समाजसेवा के क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम थीं और स्थानीय मुद्दों को लेकर निरंतर सक्रिय रहती थीं। सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ उन्होंने मुख्यधारा की राजनीति में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी, जहां हालिया नगरीय निकाय चुनाव में उन्होंने कोरबा महापौर पद के लिए प्रत्याशी के तौर पर ताल ठोंकी थी।
उनके आकस्मिक निधन पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट की हैं। मालती किन्नर के निधन से पूरे किन्नर समाज सहित नगर के सामाजिक और राजनीतिक हल्कों में शोक का माहौल है।
