गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित जेसीबी ने स्कूटी सवार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह पूरी दर्दनाक घटना पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी सामने आया है।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय जय प्रकाश बंजारे के रूप में की गई है, जो बिलासपुर के देवरीखुर्द का रहने वाला था। मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त जय प्रकाश अपनी स्कूटी पर सवार होकर बांधामुड़ा के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अज्ञात जेसीबी के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद आरोपी जेसीबी चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गौरेला थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जेसीबी और उसके चालक की पहचान करने के साथ ही आरोपी की सरगर्मी से तलाश में जुट गई है।
