जांजगीर-चांपा। जिले में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली इंजन ऑयल बेचने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। सिटी कोतवाली और चांपा पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग दुकानों पर एक साथ छापामार कार्रवाई करते हुए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की फर्जी पैकिंग में बिक रहा 2.50 लाख रुपये का नकली तेल बरामद किया है। पुलिस ने मामले में तीन दुकान संचालकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) को क्षेत्र में नामी कंपनियों के नाम पर नकली उत्पादों की बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में कोतवाली व चांपा पुलिस की विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस टीम ने संदिग्ध दुकानों पर दबिश देकर 44 बड़े बकेट और 12 छोटे केन (कुल 56 नग) नकली तेल जब्त किया।
पकड़े गए आरोपियों में स्टेशन रोड बरपाली चौक (चांपा) निवासी कौशल अग्रवाल (50 वर्ष), नेताजी चौक (जांजगीर) निवासी अमन शर्मा (32 वर्ष) और चांपा निवासी नीरज अग्रवाल (51 वर्ष) शामिल हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अधिक मुनाफे के लालच में अधिकृत कंपनी के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर ग्राहकों को नकली तेल बेच रहे थे। पुलिस जब्त सामग्री के बिल व दस्तावेजों की तकनीकी जांच करवा रही है।
कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बाजार में किसी भी तरह के नकली या मिलावटी उत्पाद की बिक्री दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस पूरी रेड और धरपकड़ में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता, थाना प्रभारी चांपा अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, भवानी सिंह चौहान, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंद्रवंशी सहित पुलिस बल की सक्रिय भूमिका रही।
