बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित राज्य के सबसे बड़े गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (सेंट्रल यूनिवर्सिटी) से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। देश में चल रहे नीट परीक्षा विवाद के बीच अब इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में भी सभी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। इस संवेदनशील मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया है और आनन-फानन में मामले की तह तक जाने के लिए एक पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया गया है।
यह पूरा विवाद तकनीकी रूप से सबसे सुरक्षित माने जाने वाले ‘समर्थ पोर्टल’ के हैक होने की आशंका के बाद शुरू हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि हैकर्स ने पोर्टल में सेंध लगाकर परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक कर दिए हैं। इस मामले पर विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने भी आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने स्वीकार किया है कि मौजूदा परिस्थितियों में पेपर लीक होने की आशंका से पूरी तरह इंकार नहीं किया जा सकता। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन अब तक हो चुकीं या आगामी सभी परीक्षाओं को रद्द करने पर भी गंभीरता से विचार कर रहा है।
इस नए विवाद ने विश्वविद्यालय में पढ़ रहे हजारों छात्रों की चिंता बढ़ा दी है। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देश के दूसरे राज्यों के छात्र भी बड़ी संख्या में पढ़ाई करते हैं। यदि परीक्षाएं रद्द होती हैं, तो बिलासपुर और अन्य राज्यों से आए लगभग 10 हजार छात्र सीधे तौर पर प्रभावित होंगे। देश में पहले से ही नीट परीक्षा को लेकर मचा बवाल थमा नहीं था कि इस केंद्रीय विश्वविद्यालय में हुए इस नए खुलासे ने शिक्षा व्यवस्था और डिजिटल सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
