जांजगीर-चांपा। सड़क सुरक्षा को लेकर जांजगीर-चांपा की अदालत ने एक ऐतिहासिक और अनोखा फैसला सुनाया है। अब जिले में शराब पीकर वाहन चलाना न सिर्फ जेब पर भारी पड़ेगा, बल्कि समाज के सामने शर्मिंदगी और जिम्मेदारी का अहसास भी कराएगा। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय जांजगीर ने एक आदतन शराबी वाहन चालक को सिर्फ आर्थिक दंड ही नहीं दिया, बल्कि उसे 15 दिनों तक चौक-चौराहों पर खड़े होकर लोगों को शराब के खिलाफ जागरूक करने की अनूठी सजा सुनाई है। शराबी वाहन चालक को सामुदायिक सेवा (Community Service) का ऐसा दंड देने का प्रदेश में यह पहला मामला माना जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यातायात जांजगीर-चांपा पुलिस ने 21 मई 2026 को वाहन चालक गुरु गोविंद को अत्यधिक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। पुलिस ने तत्काल वाहन को जब्त कर आरोपी के खिलाफ मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के तहत मामला दर्ज किया और चालान न्यायालय में पेश किया। यह आरोपी पहले भी शराब पीकर गाड़ी चलाते पकड़ा जा चुका था, जिस पर कोर्ट ने पूर्व में 10,000 रुपये का अर्थदंड लगाया था। बार-बार चेतावनी के बाद भी हरकत में सुधार न होने पर, इस बार न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाया है।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जन-जागरूकता फैलाने को प्राथमिकता देते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने आरोपी गुरु गोविंद पर 15,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही, उसे 23 मई 2026 से लगातार 15 दिनों तक सामुदायिक सेवा करने का आदेश दिया गया है। इस आदेश के तहत आरोपी को प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक जिले के विभिन्न व्यस्त चौक-चौराहों पर खड़े होकर तख्तियां लेकर या मौखिक रूप से लोगों को शराब का सेवन न करने और नशे में वाहन न चलाने की हिदायत देनी होगी।
न्यायालय ने इस सजा की निगरानी के लिए भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। सामुदायिक सेवा के दौरान आरोपी की रोजाना की उपस्थिति दर्ज की जाएगी और 15 दिन की अवधि पूरी होने पर इसकी विस्तृत रिपोर्ट कोर्ट में पेश करनी होगी। यदि आरोपी इस दौरान किसी भी दिन अनुपस्थित रहता है या आदेश का उल्लंघन करता है, तो इसकी सूचना तुरंत न्यायालय को दी जाएगी, जिसके बाद उसे जेल भी जाना पड़ सकता है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, जिससे लापरवाही से वाहन चलाने वालों को सख्त संदेश मिला है।
