जशपुर। छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के थाना बगीचा क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पीछे स्थित ‘कैपिटल मोबाइल शॉप’ में हुई लाखों रुपये की हाई-प्रोफाइल चोरी का बगीचा पुलिस ने महज चंद घंटों के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है।
21 और 22 जुलाई 2026 की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर लगभग 18 लाख 75 हजार रुपये मूल्य के 93 नग नए व पुराने मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। दुकान मालिक जैद अली (28 वर्ष), निवासी सुकबासु पारा, बगीचा की लिखित शिकायत पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(A) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को धर दबोचा, जिनमें अभिषेक प्रजापति (19 वर्ष, निवासी डूमर टोली, बगीचा) के साथ-साथ 3 विधि से संघर्षरत (नाबालिग) बालक शामिल हैं।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी के 47 मोबाइल फोन (अनुमानित बाजार कीमत ₹10 लाख), ₹600 नकद तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर वाली यामाहा एमटी मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹60 हजार) बरामद की गई है। कार्रवाई के बाद नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, जबकि वयस्क आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर, डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि बगीचा पुलिस ने अत्यंत पेशेवर तरीके से कार्रवाई करते हुए चोरी की इस बड़ी घटना का त्वरित समाधान किया है। प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ शेष बचे 46 मोबाइलों की बरामदगी कर ली जाएगी।
इस सफल और सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक गौरव कुमार पांडे, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार कामरे, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक मुकेश पांडे, फुलजेंस टोप्पो, धनेश्वर राम, राजेश कालो एवं नगर सैनिक बलिराम का विशेष योगदान रहा।
