अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर में यूरिया खाद की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि करीब 4000 बोरी यूरिया की ब्लैक मार्केटिंग की गई। मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए विजय ट्रेडिंग नामक यूरिया विक्रेता दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। इसके साथ ही दुकान को पहले ही सील किया जा चुका है।
जानकारी के अनुसार, आरोप है कि दुकान संचालक द्वारा 95 किसानों के नाम पर 50-50 बोरी यूरिया बिक्री दिखाकर सरकारी रिकॉर्ड में एंट्री की गई, लेकिन वास्तव में किसानों को यूरिया उपलब्ध नहीं कराया गया। इस तरह कागजों में बिक्री दर्शाकर यूरिया को बाजार में ऊंचे दाम पर बेचने की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासनिक कार्रवाई के बाद दुकान में मौजूद खाद को अब राजसात करने की प्रक्रिया शुरू की जानी है। बताया जा रहा है कि दुकान में करीब दो करोड़ रुपये मूल्य का यूरिया खाद सील है, जिसे राजसात कर सरकारी खजाने में राशि जमा करानी है।
हालांकि आरोप है कि राजसात की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक फाइल को कृषि विभाग के उप संचालक द्वारा कलेक्टर कार्यालय नहीं भेजा जा रहा है, जिससे कार्रवाई में देरी हो रही है।
इधर मामले में दुकानदार की ओर से न्यायालय में अपील भी की गई थी, लेकिन जिला सत्र न्यायालय ने अब तक की प्रशासनिक कार्रवाई को सही ठहराते हुए अपील खारिज कर दी है।
