दंतेवाड़ा। सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन मंगलवार को जिले में बड़ी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई, जब बालूद स्थित स्वामी आत्मानंद आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र में गणित विषय के 56 प्रश्नपत्र कम पहुंच गए। अचानक हुई इस चूक से परीक्षा केंद्र में अफरा-तफरी मच गई और दर्जनों छात्र घंटों तक असमंजस में बैठे रहे।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा केंद्र में गणित (बेसिक) के 165 और गणित (स्टैंडर्ड) के 20 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा का निर्धारित समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक था, लेकिन गणित (बेसिक) के 56 प्रश्नपत्र बोर्ड की ओर से कम भेजे जाने के कारण 56 छात्रों को परीक्षा शुरू होने के बाद भी प्रश्नपत्र नहीं मिल सका।
स्थिति बिगड़ती देख परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने तत्काल सीबीएसई बोर्ड को सूचना दी। इसके बाद समाधान के तौर पर प्रश्नपत्रों की फोटो कॉपी कराकर विद्यार्थियों को वितरित किया गया। करीब दो घंटे की देरी के बाद छात्रों को प्रश्नपत्र उपलब्ध हो सके, जिसके बाद उनकी परीक्षा दोपहर 12:45 बजे शुरू कराई गई और यह परीक्षा शाम 3:45 बजे तक चली।
वहीं, पेपर लीक की आशंका को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने परीक्षा दे चुके किसी भी छात्र को परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। सुबह से शाम तक छात्रों को स्कूल में ही रोककर रखा गया, जिससे परीक्षार्थियों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी गई।
इस घटना ने सीबीएसई जैसी बड़ी परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि परीक्षा के पहले ही दिन हुई यह चूक छात्रों के मानसिक तनाव और परीक्षा की पारदर्शिता दोनों पर असर डालने वाली मानी जा रही है।
