महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध गांजा जब्त किया है। सिंघोड़ा थाना पुलिस ने रेहटीखोल नाका के पास घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन से करीब 125 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त किए गए इस गांजे की अनुमानित कीमत 62 लाख 85 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
नशा तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए तस्करी का बेहद शातिर तरीका अपनाया था। पिकअप वाहन में ऊपर भारी मात्रा में कटहल लोड किया गया था, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन पुलिस को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर जब रेहटीखोल नाके पर वाहन को रोककर सघन तलाशी ली गई, तो कटहल के नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांजे की खेप और तस्करी में इस्तेमाल वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि नशे की यह बड़ी खेप ओडिशा (बलांगीर जिला) से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज ले जाई जा रही थी। तस्कर छत्तीसगढ़ के रास्ते को सुरक्षित मानकर यहाँ से गुजरने की फिराक में थे, लेकिन सिंघोड़ा पुलिस की मुस्तैदी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने नारकोटिक्स एक्ट (NDPS) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संपर्कों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
