जगदलपुर। सालों से सरकारी संपत्ति का किराया दबाकर बैठे दुकानदारों के खिलाफ नगर पालिक निगम जगदलपुर ने अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई की है। निगम आयुक्त के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने शनिवार को संजय बाजार इलाके में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 15 दुकानों को सील कर दिया। इस कड़े रुख को देखते हुए मौके पर ही बकायादारों से 1 लाख 42 हजार 640 रुपये की नगद वसूली भी की गई। निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह अभियान शत-प्रतिशत टैक्स और किराया वसूली होने तक लगातार जारी रहेगा।
निगम के राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा और प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, निगम के स्वामित्व वाली करीब 60 दुकानों पर पिछले कई वर्षों से लगभग 40 लाख रुपये का किराया बकाया है। इन डिफॉल्टर दुकानदारों को निगम द्वारा कई बार नोटिस जारी कर समय पर भुगतान करने की अंतिम चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उनकी तरफ से राशि जमा करने में कोई रुचि नहीं दिखाई गई। सरकारी राजस्व को चपत लगते देख आखिरकार निगम प्रशासन को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
संजय बाजार में हुई इस सीलिंग कार्रवाई के दौरान राजस्व टीम ने दुकानदारों को मौके पर ही राशि जमा करने का आखिरी मौका दिया, लेकिन असमर्थता जताने पर दुकानों पर ताला जड़कर उन्हें सील कर दिया गया। अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले और किराया न चुकाने वाले अन्य दुकानदारों के खिलाफ भी आने वाले दिनों में ऐसी ही कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली राजस्व विभाग की टीम में मीनाक्षी नाग, राजस्व निरीक्षक रक्षिता यादव, हरिदास मिश्रा, मुन्ना नायक सहित अन्य कर्मचारी मुस्तैद रहे।
