बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में एलपीजी गैस वितरण की जांच के दौरान शासकीय टीम के साथ अभद्रता और बाधा उत्पन्न करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी राहुल जीत सिंह (30 वर्ष), निवासी रामानुजगंज को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 18 मार्च 2026 को एसडीएम रामानुजगंज के निर्देश पर सहायक खाद्य अधिकारी चंपाकली दिवाकर अपनी संयुक्त टीम के साथ एलपीजी गैस वितरण एवं विनिमय आदेश 2000 के प्रावधानों के उल्लंघन की जांच के लिए होटल-ढाबों में आकस्मिक चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान शाम करीब 6:20 बजे रामानुजगंज रिंग रोड स्थित सूरज ढाबा में जांच के समय आरोपी राहुल जीत सिंह द्वारा अनाधिकृत रूप से वीडियो बनाया जा रहा था।
जब अधिकारी ने वीडियो बनाने से मना किया, तो आरोपी और उसके साथी ने उनका रास्ता रोक लिया और जातिगत गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान शासकीय कार्य में भी बाधा उत्पन्न की गई। घटना के बाद सहायक खाद्य अधिकारी द्वारा थाना रामानुजगंज में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 45/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। तत्पश्चात आरोपी राहुल जीत सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
