सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां साडरापाल गांव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में 13 लोग घायल हो गए हैं। इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तोंगपाल थाने में 10 ग्रामीणों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। सुकमा पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर इस पूरे विवाद की वजह जमीन की रंजिश और आपसी कहासुनी को बताया है, जबकि घायल पक्ष की ओर से कुछ अन्य गंभीर दावे भी किए जा रहे हैं।
पुलिस महानिरीक्षक और सुकमा एसपी किरण चौहान ने सोमवार को घटना की आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को ग्राम साडरापाल में भूमि विवाद के चलते कुछ लोगों ने पीड़ित हिडमा कवासी और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज की। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने लामबंद होकर जान से मारने की धमकी देते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे कई लोग चोटिल हो गए। घटना की भनक लगते ही तोंगपाल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को बिगड़ने से पहले नियंत्रित किया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत चिकित्सीय उपचार के लिए अस्पताल भेजा और मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर यह सामान्य मारपीट का मामला है और कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरी तरफ, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम ने एक अलग और बेहद गंभीर दावा किया है। फोरम का आरोप है कि यह महज जमीन का विवाद नहीं, बल्कि टारगेटेड हमला है। उनके अनुसार, रविवार को ग्रामीण एक मिट्टी के घर में एकत्र होकर साप्ताहिक प्रार्थना कर रहे थे, तभी लकड़ी की लाठियों से लैस उपद्रवियों ने वहां धावा बोल दिया और प्रार्थना में शामिल लोगों के सिर पर वार किए। फिलहाल पुलिस इस धार्मिक एंगल और जमीनी विवाद दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर विस्तृत जांच कर रही है।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। इस हिंसक वारदात में संलिप्तता को लेकर पुलिस ने जिन 10 ग्रामीणों को नामजद किया है, उनमें हड़मा मांडवी, गंगाराम कवासी, बुधरा कवासी, महादेव कवासी, हनीस करटामी, आयता कवासी, लच्छु कवासी, हांदा वेट्टी, गुड्डी राम बेट्टी और सन्ना आयता शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
