सूरजपुर। एक ओर जहाँ पूरे प्रदेश में ‘सुशासन तिहार’ मनाकर बेहतर प्रशासन के दावे किए जा रहे हैं, वहीं सूरजपुर जनपद के ग्राम पंचायत बेलटिकरी से आई एक तस्वीर ने इन दावों की पोल खोल दी है। यहाँ पदस्थ रोजगार सहायक मनबोध रवि का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे शराब के नशे में धुत्त होकर पंचायत भवन के भीतर टेबल पर पैर रखकर सोते हुए नजर आ रहे हैं।
इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने मामले की लिखित शिकायत जनपद सीईओ से की है। शिकायत पत्र में स्पष्ट किया गया है कि शासकीय कार्य के दौरान शराब का सेवन करना और कार्यालय की मर्यादा भंग करना सुशासन के नियमों का खुला उल्लंघन है। ग्रामीणों ने आरोपी रोजगार सहायक के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, लेकिन ‘फटाफट न्यूज’ इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
