अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में सक्रिय अज्ञात चोरों के हौसले पस्त करते हुए पुलिस टीम ने ट्रैक्टर की ट्रॉली चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल चोरी गई ट्रॉली बरामद की है, बल्कि वारदात में इस्तेमाल किए गए ‘छोटा हाथी’ वाहन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह पूरा मामला गोधनपुर क्षेत्र का है, जहां रहने वाले अमित कुमार ठाकुर के घर के पीछे खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली को बीते 9 मई 2026 को अज्ञात चोरों ने पार कर दिया था। पीड़ित की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले को तफ्तीश में लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस-पास के लोगों से पूछताछ शुरू की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इस दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा, जिसमें चोर एक अशोक लीलैंड कंपनी के ‘छोटा हाथी’ वाहन में ट्रैक्टर की ट्रॉली को बांधकर ले जाते हुए दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज और पुख्ता इनपुट के आधार पर पुलिस ने संदेह के घेरे में आए ककना निवासी ब्रिजभूषण उर्फ बिरजु गिरी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
पुलिसिया पूछताछ के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने अपने दो अन्य साथियों, फुलचंद गिरी और नन्दू उर्फ नन्दकिशोर पैकरा के साथ मिलकर गोधनपुर से ट्रैक्टर की ट्रॉली चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई ट्रैक्टर ट्रॉली और वारदात में इस्तेमाल किए गए छोटा हाथी वाहन (क्रमांक यूपी 64 एटी 8637) को जब्त कर लिया है। अपराध साबित होने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में गांधीनगर थाने के सहायक उपनिरीक्षक सुभाष ठाकुर, आरक्षक कुंदन पांडेय, रमन मंडल, घनश्याम देवांगन, राहुल सिंह और साइबर सेल के आरक्षक रमेश रजवाड़े की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।
