अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली स्थित नवापारा कॉलेज मार्ग पर ₹2.43 करोड़ की लागत से बन रही सीसी सड़क निर्माण के शुरुआती दौर में ही विवादों के घेरे में आ गई है। मूसलाधार बारिश के बीच तकनीकी मानकों और जरूरी बेस को नजरअंदाज कर किए जा रहे इस निर्माण कार्य ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने खुले तौर पर आरोप लगाया है कि बिना ठोस आधार और पुराने निर्माण को सुधारे ही सीधे ढलाई का काम किया जा रहा है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग और सड़क के जल्द उखड़ने की आशंका बढ़ गई है।
सड़क निर्माण में सबसे बड़ी तकनीकी खामी बेस और लेयरिंग को लेकर सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में ग्राम पंचायत द्वारा इसी मार्ग पर 600 मीटर सड़क बनाई गई थी। वर्तमान ठेकेदार पुरानी संरचना को हटाए या उसे समतल व मजबूत आधार दिए बिना ही उसके ऊपर नई सड़क बिछा रहा है। इसके साथ ही मार्ग पर बन रही पाइप पुलिया में भी जल निकासी और तकनीकी सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। बारिश के पानी के बीच सीमेंट-कंक्रीट (सीसी) ढलाई से सड़क की वास्तविक मजबूती और उसकी उम्र को लेकर सीधे तौर पर लापरवाही बरती जा रही है।
सरकारी राशि के नुकसान और घटिया निर्माण की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी के उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि निर्माण स्थल का अविलंब भौतिक निरीक्षण कराया जाए और बेस, लेयर, उपयोग की जा रही सामग्री तथा पुलिया निर्माण की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच हो। यदि जांच में तय मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि करोड़ों की यह सड़क सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर भी टिकाऊ साबित हो सके।
