अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित रामगढ़ ढाबा के पास रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक अनियंत्रित बाइक सवार को बचाने की कोशिश में तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की इतनी जोरदार टक्कर हुई कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उदयपुर में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कार क्रमांक CG 12 BF 5534 बिलासपुर से अंबिकापुर की ओर जा रही थी, तभी विपरीत दिशा (अंबिकापुर) से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 04 PC 5207 के सामने अचानक एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के फेर में दोनों ही वाहनों के चालकों ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ियां सीधे आपस में टकरा गईं। दुर्घटना की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लहूलुहान घायलों को बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस की टीम भी घटना स्थल पर पहुंच चुकी है और मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
