
अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम सपनाधार निवासी मुन्ना माझी (40 वर्ष) ने अज्ञात कारणों से गांव के ही एक कुएं में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था। कुएं में कूदने के बाद वह पानी में डूब गया और काफी देर तक बाहर नहीं निकला।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर प्रशासन को सूचना दी गई। इसके बाद SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम मौके पर पहुंची और आधुनिक उपकरणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान मुन्ना माझी के रूप में हुई है जो सपनाधार गांव का निवासी था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर उसने कुएं में छलांग क्यों लगाई।