आने वाले 5 सालों में क्या-क्या होगा? PM Narendra मोदी ने बताया प्लान

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अंतिम चरण की लड़ाई चल रही है। इसके मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा के मयूरभंज में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मैं महाराजा श्रीराम चंद्र भंजदेव और पंडित रघुनाथ मुर्मू जी को भी आदरपूर्वक नमन करता हूं। आज ओडिशा में चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। वैसे पूरे देश में कल शाम के 5:00 बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा अभी बंगाल से आ रहा हूं। मैं देख रहा हूं कि चाहे मैं झारखंड जाऊं या बंगाल जाऊं या ओडिशा आऊं, ये अद्भूत उमंग और उत्साह पक्का कर रहा कि तीसरी बार मजबूत मोदी सरकार बनना तय है। पांच दशक के बाद लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का देश ने निर्णय कर लिया है। जो विकास लोगों ने दशकों में नहीं देखा था वो पिछले दस साल में देखा है। 2014 में 11वें नंबर की इकोनॉमी में थे। आज दुनिया की 5वीं आर्थिक ताकत बन गए हैं।

पीएम ने कहा, 2014 से पहले देश गांव में स्वच्छा का दायरा 40 फीसदी ही था। आज हम 100 प्रतिशत के लक्ष्य पर पहुंच रहे हैं। पहले एलपीजी कनेक्सन सिर्फ आधे देशवासियों को मिलता था। आज करीब-करीब 100 प्रतिशत घरों में महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिल चुकी है। 2014 तक देश के 75 प्रतिशत से ज्यादा ग्रामीण परिवारों के घर में नल से जल नहीं आता था। आज करीब 75 प्रतिशत घरों में नल से जल पहुंच रहा है। कभी मुक्त अनाज और मुफ्त इलाज भी मिल सकता है, ये देश में किसी ने नहीं सोचा था। मोदी ने आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज भी दिया है और आने वाले पांच साल में ये मुफ्त अनाज मिलता रहेगा। मैं ऐसे सैंकड़ों बातें बता सकता हूं, लेकिन ये सब तो ट्रेलर है।

उन्होंने कहा, आने वाला पांच साल भारत के विकास के लिए अभूतपूर्व उपलब्धियों के होंगे। आने वाले पांच साल में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनने जा रहा है। आने वाले पांच साल में अनेक क्षेत्रों में आत्मनिर्भर भारत बनते देखेंगे। आने वाले पांच साल में शानदार हाईवे, शानदार एक्सप्रेसवे और रेलवे का पूरी तरह कायाकल्प होते देखेंगे। इसका सीधा लाभ ओडिशा व देश के पूर्वी हिस्से को होगा। ओडिशा ने भी बीजेडी के 25 साल के राज्य को फुलस्टॉप लगाना तय कर लिया है। मैं यहां आपका आशीर्वाद लेने आया हूं। साथ ही साथ निमंत्रण देने भी आया हूं। 10 जून को भाजपा सदस्य ओडिशा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाला है।

प्रधानमंत्री ने कहा, मयूरभंज की ये धरती नारी सशक्तिकरण की धरती है। अभी तक मयूरभंज का जयकारा इसलिए होता था, क्योंकि यहां मां सुभद्रा के रथ को केवल महिलाएं खींचती हैं, लेकिन अब मयूरभंज की बेटी 140 करोड़ के देश का नेतृत्व कर रही है। हमारी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी देश की तीनों सेनाओं को कमांड करती हैं और वो मयूरभंज की बेटी हैं, ये मयूरभंज के लिए, ओडिशा के लिए और पूरे देश की नारी शक्ति के लिए गौरव का विषय है। भाजपा सरकार आदिवासी गौरव और आदिवासी कल्याण, इसके लिए समर्पित भाव से काम कर रही है। ये अटल जी की सरकार थी जब अलग आदिवासी मंत्रालय बना था। भाजपा ने ही संथाली भाषा को आठवीं अनुसूचि में शामिल किया था। देश का कोई पहला प्रधानमंत्री जो भगवान बिरसा मुंडा के गांव गया था और मिट्टी अपने माथे पर लगाया था, वो नरेंद्र मोदी है।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मोदी सरकार है जिसने भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। मोदी सरकार ने आदिवासी कल्याण का बजट पांच गुना बढ़ा दिया। पहली बार उन जनजातियों की भी सुध ली और वो लेनेवाला भी आपका सेवक मोदी है। जो सबसे पिछड़ा है उनके लिए पहली बार 24 हजार करोड़ रुपये की पीएम जनमन योजना बनाई है। इस योजना से ओडिशा में भी अति पिछड़ी आदिवासी जातियों के लिए पक्के घर, स्कूल, अस्पताल, सड़कें ये सारे काम होंगे। बीते 10 सालों में आदिवासी क्षेत्रों में एकलव्य आवासीय विद्यालय का बड़ा नेटवर्क बनाया। मयूरभंज में भी कई एकलव्य आवासीय विद्यालय चल रहे हैं। ओडिशा भाजपा की सुभद्रा योजना की भी बहुत चर्चा है, जिसके तहत बहनों को बड़ी मदद दी जाएगी। मोदी की एक और गारंटी है, ये गारंटी तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने की है। इसके भी ओडिशा की लाखों बहनों को सीधा लाभ होने जा रहा है। भाजपा सरकार आपका बिजली बिल जीरो करेगी, साथ ही अतिरिक्त बिजली होने बेचकर कमाई भी करेंगे। योजना का नाम पीएम सूर्य मुफ्त बिजली योजना है। आपकी छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए मोदी सरकार 75,000 रुपये ज्यादा देने वाली है। आप उन पैसे से सोलर पैनल लगाएंगे। बिजली पैदा होगी, ज्यादा बिजली को सरकार खरीदकर आपको पैसे देगी।