नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने बाईक सवारों को मारी टक्कर, रेल कर्मी की मौके पर मौत; दूसरा गंभीर


छत्तीसगढ़ में मुंगेली जिले के पथरिया इलाके में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां रायपुर बिलासपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं बाइक में सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस हादसे के बाद अनियंत्रिक कार सड़क से नीचे उतर गई। कार सवार को भी हल्की चोटें आई है। घटना पथरिया थाना इलाके का है।

जानकारी के अनुसार पथरगढ़ी निवासी विजय टंडन (41 वर्ष) भाटापारा के ठेहका निवासी अपने साथी तुलाराम साहू के साथ (44 वर्ष) के साथ रविवार की शाम के वक्त बाइक क्रमांक सीजी 10 ईजी 8067 में सवार होकर पथरिया से बिलासपुर जा रहे थे। वे दोनों शाम के करीब 5:30 बजे जुनवानी गांव के खेल मैदान के पास पहुंचे ही थे कि उसी समय सामने की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार सीजी 10 एम 3561 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

इस घटना में विजय टंडन की मौके पर मौत हो गई। वहीं उसका साथी तुलाराम साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। बताया गया कि कार इतनी तेज रफ्तार में थी कि बाइक को जैसे ही टक्कर मारी, बाइक में सवार दोनों व्यक्ति बाइक के साथ दूर जा गिरे। वहीं बाइक को टक्कर मारने के बाद कार भी अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे उतर गई। जिससे कार चालक को हल्की चोटें आई है।

बताया जा रहा है कि विजय टंडन रेलवे के पोस्ट ऑफिस में दैनिक वेतनभोगी के पद पर कार्यरत थे। विजय अपने साथी तुलाराम के साथ घर के लिए राशन खरीदने के लिए पथरगढ़ी जाने निकले थे। वहां से वापस बिलासपुर को ओर जा रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में बिल्हा क्षेत्र के पेंडरवा (द) निवासी कार चालक सत्य प्रकाश साहू भी घायल है। वह अपने परिवार के साथ ढोठमा गांव जा रहा था। कार में उसके साथ बेटे और पत्नी भी सवार थे। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।