हाथी के हमले से किशोरी गंभीर

अम्बिकापुर

लुण्ड्रा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम केरता में शनिवार की रात एक गज दल ने 14 वर्षीय किशोरी को अपने सूंड में उठाकर कई बार पटक दिया, जिससे किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। किशोरी का उपचार अम्बिकापुर मिशन अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम केरता निवासी दिनबंधू बरगाह की 14 वर्षीय पुत्री अनिता जो रात 8 बजे घर के बाहर निकली थी। अंधेरा होने के कारण उसे कुछ दिखाई नहीं दिया और वह घर के समीप ही खड़े हाथी के समीप चली गई। हाथी ने किशोरी को अपने सूंड में उठा कई बार उठा पटक करने लगा। किशोरी के शोर-शराबे के बाद ग्रामीण लाठी, डंडा व मशाल लेकर हाथी को खदेड़ा। हाथी के हमले से गंभीर हुई किशोरी को परिजनों द्वारा जिला अस्पताल लाया गया। स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों  ने बाहर के लिये रिफर कर दिया। परिजनों द्वारा किशोरी को मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।