Chhattisgarh News: शराबी पति ने कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी की ले ली जान, अब फरार आरोपी की तलाश

जांजगीर-चांपा. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक पति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल से सबूत जुटाए गए हैं। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया गया है। यह पूरा मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी संपत सारथी अपनी पत्नी सुरेखा सारथी 45 वर्षीय और 2 बच्चों के साथ जोगीडीपा के वार्ड नंबर 1 में रहता है। आरोपी पति संपत सारथी और सुरेखा सारथी झाड़ू, सूपा, टुकनी बेचने का काम करते थे। आरोपी संपत को शराब पीने की बुरी लत थी। जिसके कारण उनके बीच आए दिन विवाद होता रहता था। वह बच्चों के साथ भी शराब पीकर मारपीट करता था। परिवार ने कई बार इस बात की शिकायत पुलिस से भी की थी। दोनों को समझाया-बुझाया भी गया था। दो-चार दिन आरोपी ठीक रहता था। लेकिन इसके बाद वो फिर से मारपीट और झगड़ा शुरू कर देता था।

इसी दौरान शुक्रवार को भी दोनों पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी पत्नी के चेहरे पर कुल्हाड़ी से 2-3 बार बेरहमी से जानलेवा वार किया। जिससे मौके पर ही पत्नी सुरेखा की मौत हो गई। इसके बाद आसपास के लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तो वह देखा कि आंगन में शव पड़ा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। घटनास्थल से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया गया है, वहीं आरोपी फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।