Chhattisgarh News: 110 लाख टन धान खरीदी का सरकार ने तय किया लक्ष्य, अब तक 24.62 लाख किसानों का हुआ पंजीयन



Raipur News: राज्य सरकार ने इस वर्ष 110 लाख टन धान खरीदी का लक्ष्य तय किया है। प्रदेश में एक नवंबर से धान खरीदी शुरू हो रही है। चालू खरीफ विपणन वर्ष के लिए अब तक 24 लाख 62 हजार किसानों का पंजीयन हो चुका हैं। इस वर्ष 60 हजार 878 नवीन किसानों ने पंजीयन कराया है।

नवीन पंजीयन तथा संशोधन कार्य 31 अक्टूबर तक चलेगा। खाद्य विभाग के सचिव टोपेश्वर वर्मा ने बताया कि किसानों से सुगमतापूर्वक धान खरीदी के लिए राज्य शासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। धान खरीदी के साथ निरंतर मानीटरिंग भी की जाएगी।

वर्मा ने बताया कि 24.62 लाख किसानों ने धान बिक्री के लिए पंजीयन कराया है। प्रदेश में इस वर्ष 30.44 लाख हेक्टेयर रकबे का पंजीयन हुआ है। खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीदी की अधिकतम सीमा पिछले वर्ष के अनुसार 15 क्विटल प्रति एकड़ लिंकिंग सहित निर्धारित की गई है।
धान खरीदी के लिए बारदाने की व्यवस्था कर ली गई है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मिल पंजीयन का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। धान खरीदी केंद्रों में धान की अवैध आवक रोकने तथा संवेदनशील उपार्जन केंद्रों की पहचान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं।