अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले के सीतापुर नगर पंचायत में मची खींचातानी एवं व्याप्त अव्यवस्था के कारण नगर की पुरी व्यवस्था काफी चरमरा गई है।साफ सफाई के अभाव में चौक चौराहों पर जमा गंदगी बजबजाती नालियां एवं बदहाल शौचालय की हालत देख बाहरी लोग नगर पंचायत को जी भर के कोसने के बाद जमकर खिल्ली उड़ा रहे हैं।जिसकी वजह से नगर की छवि धूमिल हो रही है और लोगों में नगर पंचायत की अव्यवस्था को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है।देखरेख एवं रखरखाव के अभाव में नगर के हालात इतने बदतर हो गए हैं कि सार्वजनिक शौचालय,नाली,स्ट्रीट लाइट समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं दम तोड़ने लगी है।आलम ये है कि नगरवासियों द्वारा इस संबंध में बार बार नगर पंचायत को अवगत कराने के बाद भी जिम्मेदार मौन साधे हुए हैं।जिसकी वजह से दिनोदिन नगर की व्यवस्था चरमराते जा रही है।नगर में ऐसे कई उदाहरण है जो नगर पंचायत में चरमराती व्यवस्था एवं बदहाली को उजागर कर रहे हैं।
कारगिल चौक पर लगा कचरे का अंबार,नाली हुई जाम-कारगिल युद्ध मे शहीद जवानों की याद में वार्ड क्र-15 में स्थित कारगिल चौक में सालों से गंदगी का अंबार लगा हुआ है।इसके साथ ही वहाँ मौजूद नाली जाम होने की वजह से चौक के आसपास का पूरा वातावरण दूषित हो गया है।नेशनल हाईवे क्र-43 एवं गौरवपथ के बीचोबीच मौजूद कारगिल चौक की नाली की सफाई के लिए उस पर लगा ढक्कन खुला छोड़ दिया गया है।जिसकी वजह से वहाँ मौजूद खुली नाली की वजह से हमेशा दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।इस संबंध में वार्डवासियों द्वारा नगर पंचायत को अवगत कराने के बाद भी आज तक कारगिल चौक की साफ सफाई नही कराई गई।
नया बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक शौचालय हुआ बदहाल
देखरेख एवं रखरखाव के अभाव में नया बसस्टैंड स्थित सार्वजनिक शौचालय की हालत बद से बदतर हो गई है।शौचालय के दरवाजे टूटकर अलग हो गए है वाश बेसिन का भी बुरा हाल है।साफ सफाई के अभाव में शौचालय में पसरी गंदगी की वजह से हमेशा दुर्गंध उठते रहती है।जिसकी वजह से लोग वहां नाक मुँह सिकुड़ कर जाते है और वापस जाते हुए बदहाल शौचालय के लिए जी भर के नगर पंचायत को कोसते है।गौरतलब है कि अंतर्राज्यीय बस स्टैंड होने के कारण दिन रात वहाँ यात्रियों का आना जाना लगा रहता है।इसके अलावा सार्वजनिक शौचालय होने की वजह से स्थानीय लोग भी शौचालय का उपयोग करते है।इसके बाद भी नगर पंचायत शौचालय की मरम्मत को लेकर तनिक भी गंभीर नजर नही आ रहा है जबकि इस संबंध में लोगों द्वारा कई बार नगर पंचायत को अवगत कराया जा चुका है।
अटल परिसर बना कूड़ादान:-
पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में वार्ड क्र-10 में निर्मित अटल परिसर कूड़ादान बन गया है।जबकि अटल परिसर के आसपास उद्यान विकसित करते हुए इसे स्वच्छ एवं मॉडल के रूप में विकसित करना था।लेकिन नगर पंचायत ने यहाँ उद्यान विकसित करने के बजाए इसे कूड़ादान बना दिया।जिसकी वजह से अटल परिसर के चारो तरफ गंदगी का ढ़ेर लगा हुआ है और वहाँ का माहौल दुर्गंध की वजह से काफी दूषित हो गया है।
नाली जाम,गंदा पानी बह रहा सड़को पर-बारिश का पानी निकासी हेतु लाखो रुपये की लागत से वार्ड क्र-10 में बना आधा अधूरा नाली जाम हो गया है।जिसकी वजह से नाली में बहने वाला बारिश एवं शहर का गंदा पानी एवं कचरा सड़को पर बह रहा है।जिस जगह पर नाली का ये हाल है वहाँ बुधवार को साप्ताहिक बाजार लगता है।जहाँ छोटे मोटे दुकानदार अपनी दुकान लगाते है जिन्हें इस दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।उन्होंने भी अपनी इस परेशानी से नगर पंचायत को अवगत कराया लेकिन उनकी बात अनसुनी कर दी गई।जिसकी वजह से आज भी दुकानदार सड़क पर बहते गंदे पानी के बीच लगाने को मजबूर हैं।
इस संबंध में सीएमओ नगर पंचायत ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि कारगिल चौक के कचरे को कई बार साफ कराया गया पर वहाँ के लोग अपनी आदतों से बाज नही आते और कचरा वहाँ फेक देते हैं।उन्होंने शौचालय के संबंध में बताया कि 24 घँटे देखरेख के लिए एक कर्मचारी रखा गया था।जो साफ सफाई के लिए लोगो से अगर पैसा ले लेता था तो उसकी शिकायत होने लग जाती थी।अब वहाँ नगर पंचायत का सफाईकर्मी रहता है जो ड्यूटी पूरी होने के बाद घर चला जाता है।उन्होंने कहा कि जल्द ही शौचालय का मरमत कराया जायेगा।
