जांजगीर-चांपा। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भाटापारा में एक दर्दनाक हादसे में करंट की चपेट में आने से पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब दंपती घर में लगे बोर के पास नहाने गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नहाने के दौरान अचानक बोर पंप में बिजली का करंट उतर आया। करंट की चपेट में आते ही पति सोमनाथ सूर्यवंशी पंप से चिपक गए और उन्हें बचाने की कोशिश में पत्नी भी झुलस गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं करंट की चपेट में आए सोमनाथ सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
