
जांजगीर-चांपा। प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के निर्देशानुसार एवं संगठन मंत्री पवन साय के मार्गदर्शन एवं जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े के अनुशंसा पर मंगलवार को जिला भाजपा ने जिला कार्यकारिणी एवं भाजपा स्थाई आमंत्रित सदस्यों की सूची जारी की है। सूची जारी होने के बाद अब विवाद होने लगा है, इस सूची में जांजगीर चांपा लोकसभा के पूर्व सांसद गुहाराम अजगले का नाम गायब हैं। जिसको लेकर सांसद के समर्थक विरोध जाहिर कर रहे हैं।
सूची जारी करने के पीछे कई गुटबाजी भी नजर आ रही है। पूर्व सांसद का स्थाई आमंत्रित सदस्य में नाम नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहे हैं। आखिरकार इनका नाम कैसे लिस्ट में शामिल नहीं किया गया है, जबकि पूर्व सांसद कमला देवी पाटले का नाम भाजपा के स्थाई आमंत्रित सूची मे है, लेकिन पूर्व भाजपा सांसद गुहाराम अजगले का नाम नहीं होने के चलते अब शहर में कई प्रकार की चर्चा हो रही है। जहां भाजपा एक अनुशासित पार्टी के रूप अपने आपको मानती है, जिससे यही लगता है सूची जारी करने से पहले राय मशवरा किया जाता है फिर सूची में नाम नहीं होना भाजपा के पदाधिकारीयो के मंशा पर बड़ा सवाल खड़े हों रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ एवं पूर्व सांसद का नाम सूची में नहीं होना भाजपा में गुटबाजी को जाहिर कर रहा है।
अब क्या भाजपा की वरिष्ठ पदाधिकारी इस अनुशासनहीनता के लिए किसी प्रकार की कार्रवाई कर सकती है या इतनी बड़ी गलती को कैसा अनदेखा किया जा सकता है। इससे कार्यकर्ताओं में विरोध तो है साथ कई प्रकार की बातें सामने आ रही है। क्योंकि पूर्व सांसद गुहा राम अजगले भाजपा के वरिष्ठ नेता के साथ साथ जांजगीर-चांपा लोकसभा से दो बार सांसद रह चुके है। वहीं अनुसूचित जाति वर्ग में उनकी अच्छी पकड़ है। इससे समाज के लोग भेदभाव के आरोप भी लगा रहे हैं इससे अब पार्टी की छवि धूमिल हो रही है।
सांसद कमलेश जांगड़े का भी नाम गायब
जांजगीर चांपा लोकसभा के वर्तमान सांसद श्री मति कमलेश जांगड़े का भी नाम भाजपा द्वारा जारी जिला स्थाई आमंत्रित सदस्यों के सूची से गायब हैं। अब दोनों पूर्व व वर्तमान सांसदों का नाम सूची में शामिल नहीं करने के पीछे के कारण को जिलाध्यक्ष ही बता सकते हैं। लेकिन सूची जारी के बाद इनके समर्थको में भारी विरोध देखा जा रहा हैं। आखिर इसके पीछे की मंशा क्या हो सकती हैं यह आने वाले समय में पता चलेगा।



