जशपुर। नेशनल हाईवे-43 पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। लोदाम थाना क्षेत्र के कुलडा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और एक स्कूटी के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में दो नाबालिग किशोरों की जान चली गई, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
हादसा इतना खौफनाक था कि स्कॉर्पियो की टक्कर लगते ही स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और वह बीच से दो टुकड़ों में बंट गई। जानकारी के मुताबिक, एक ही स्कूटी पर चार नाबालिग किशोर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान कुलडा के पास हाईवे पर आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज और मंजर देखकर आसपास के लोग सहम गए।
दुर्घटना में स्कूटी सवार चार में से दो नाबालिगों की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल हुए दो अन्य किशोरों को आनन-फानन में बेहतर इलाज के लिए जशपुर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। लोदाम थाना क्षेत्र में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद से इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
