अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत देवगढ़ में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी खजाने की खुली लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सरपंच लीलावती और सचिव उग्रसेन दास की मिलीभगत से 15 लाख 14 हजार 200 रुपये का कथित घोटाला कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि दर्जन भर से अधिक विकास कार्य सिर्फ सरकारी फाइलों में पूरे हो गए, जबकि जमीनी हकीकत में एक ईंट तक नहीं रखी गई। ग्रामीणों ने जनपद पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपकर मोर्चा खोल दिया है। वहीं, जांच में कागजी हेराफेरी की पोल खुलते ही संभावित कार्रवाई और ग्रामीणों के भारी आक्रोश से बचने के लिए सचिव ने आनन-फानन में अपना तबादला दूसरी पंचायत में करा लिया।
शिकायतकर्ता सेवक राम ने इस पूरे भ्रष्टाचार का सिलसिलेवार कच्चा चिट्ठा खोलते हुए आरोप लगाया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 9 लाख 14 हजार 200 रुपये और 2025-26 में 6 लाख रुपये का फर्जी आहरण किया गया। कुल 13 अलग-अलग मदों की आड़ में यह पूरा खेल रचा गया। कागजों में सीसी रोड, नाली, चबूतरा और ढोढ़ी निर्माण से लेकर मुरमीकरण, हैंडपंप खनन व मरम्मत और पाइप लाइन विस्तार तक के काम दिखा दिए गए। इतना ही नहीं, डस्टबिन खरीदी, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, शासकीय भवन की मरम्मत और महिला स्व-सहायता समूहों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि तक को नहीं बख्शा गया और फर्जी बिलों के सहारे लाखों रुपये डकार लिए गए।
जैसे ही इस फर्जीवाड़े की भनक गांव में फैली और जांच में अनियमितताएं उजागर होने लगीं, देवगढ़ के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हालात बिगड़ते देख और ग्रामीणों के सीधे विरोध से बचने के लिए सचिव उग्रसेन दास ने बड़ी चालाकी से अपनी पंचायत ही बदल ली। हालांकि, तबादले के बाद भी ग्रामीणों का आक्रोश शांत नहीं हुआ है।
ग्रामीणों का दावा है कि सचिव का विवादों और भ्रष्टाचार से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण में हितग्राहियों को झांसा देकर लाखों रुपये गबन करने के आरोप उन पर लग चुके हैं। आरोप है कि उस समय भी ग्रामीणों की शिकायत पर होने वाली उच्चस्तरीय जांच को सचिव ने पैसे के दम पर दबा दिया था। अब ग्रामीणों ने प्रशासन से आर-पार की कार्रवाई की मांग करते हुए पुराने शौचालय घोटाले की फाइल दोबारा खोलने, सरपंच लीलावती व सचिव उग्रसेन दास से गबन की गई पूरी राशि की वसूली करने और सचिव की आय से अधिक अर्जित चल-अचल संपत्ति की उच्चस्तरीय जांच कराने की गुहार लगाई है, ताकि विकास के नाम पर होने वाली सरकारी धन की बंदरबांट पर लगाम लगाई जा सके।
