अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अम्बिकापुर दौरे पर रहे। यहां पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित दो दिवसीय सरगुजा ओलंपिक 2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री शामिल हुए। इस दौरान सरगुजा संभाग के छह जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और शिक्षा एवं खेल जगत की हस्तियों के बीच मुख्यमंत्री ने सरगुजा में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़ी घोषणा की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अम्बिकापुर में कबड्डी, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसे लोकप्रिय खेलों के लिए खेल अकादमी खोलने की घोषणा की। यह घोषणा छत्तीसगढ़ राज्य युवा कल्याण आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर के विशेष आग्रह और मांग पर की गई।
इस अकादमी के खुलने से सरगुजा संभाग की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल सकेगा। आदिवासी बहुल सरगुजा अंचल में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा से अब सरगुजा के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर खेल प्रशिक्षण और आगे बढ़ने का अवसर मिलने की उम्मीद जगी है।
