धमतरी। समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की कस्टम मिलिंग में लापरवाही बरतने वाले मिलर्स के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। अनुबंध की शर्तों को ताक पर रखकर निर्धारित चावल जमा नहीं करने के मामले में गुरुवार को खाद्य विभाग और मार्कफेड की संयुक्त टीम ने कुरूद स्थित शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज पर दबिश दी। जांच में अनियमितता पाए जाने पर टीम ने मिल परिसर से 550 क्विंटल धान जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 14 लाख रुपये आंकी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत इस राइस मिल को कस्टम मिलिंग के लिए धान दिया गया था, लेकिन मिल प्रबंधन ने तय मात्रा में चावल जमा नहीं कराया। इसे अनुबंध का सीधा उल्लंघन मानते हुए कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश-2016 की कंडिका 3/7 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई। प्रशासन की इस सख्ती के दायरे में जिले के अन्य लापरवाह मिलर्स भी हैं; निर्धारित समय पर चावल जमा नहीं करने वाले 17 राइस मिलर्स को पहले ही कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है।
जिले में धान खरीदी के बड़े आंकड़ों को देखते हुए प्रशासन कस्टम मिलिंग की प्रक्रिया में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए जिले के 1,29,593 किसानों ने 1,27,713.74 हेक्टेयर रकबे का पंजीयन कराया था, जिनमें 73,987 सीमांत, 53,154 लघु और 2,452 दीर्घ कृषक शामिल थे। इनमें से 1,24,465 किसानों से कुल 5,96,522.16 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई, जिसकी कुल कीमत 1,41,432.62 लाख रुपये रही।
प्रशासन ने दो टूक चेतावनी दी है कि धान उपार्जन और कस्टम मिलिंग की व्यवस्था में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा। पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है और नियम तोड़ने या चावल जमा करने में देरी करने वाले मिलर्स के खिलाफ आगे भी इसी तरह की दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
