– खोखरा की बृहस्पति कल्याण की मौत ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर खड़े किए सवाल
– परिजनों को मुआवजा और दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग
जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम खोखरा की गर्भवती महिला बृहस्पति कल्याण (30) की मौत के मामले ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को एक बार फिर सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। मामले को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (JCP) ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए CMHO कार्यालय का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मृतका के परिजनों को मुआवजा देने, कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार डॉक्टरों पर कार्रवाई करने तथा जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
परिजनों के मुताबिक, 26 सितंबर को प्रसव के लिए बृहस्पति को जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया था। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दूसरे अस्पताल भेज दिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें चांपा स्थित निजी सेवा सदन अस्पताल ले गए। वहां ऑपरेशन से बच्चे का जन्म हुआ, लेकिन नवजात की मौत हो गई। वहीं, बृहस्पति को दो दिनों तक अस्पताल में भर्ती रखा गया।
परिजनों का आरोप है कि पेट में सूजन और परेशानी होने पर जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद 28 सितंबर को उन्हें रायपुर के दीवान अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस पूरे घटनाक्रम में परिजनों ने उपचार और अस्पतालों के बीच रेफर किए जाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। मामले में JCP ने स्वास्थ्य विभाग से जवाबदेही तय करने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि समय पर उचित उपचार और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध होती तो शायद ऐसी दुखद स्थिति से बचा जा सकता था। अब सवाल यह है कि आखिर गर्भवती महिला की मौत के इस मामले में स्वास्थ्य विभाग जांच कर क्या कार्रवाई करता है? क्या जिम्मेदारी तय होगी या फिर यह मामला भी जांच और कागजी कार्रवाई तक सीमित रह जाएगा?
