रायगढ़। पारंपरिक खेती के ढर्रे को बदलकर यदि बाजार की नब्ज और आधुनिक तकनीक को अपनाया जाए, तो कृषि भी किसी बड़े उद्योग से कम मुनाफा नहीं दे सकती। रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड स्थित ग्राम कोड़केल के प्रगतिशील किसान विद्याधर पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और मेहनत से इसे सच कर दिखाया है। कभी सामान्य सब्जियां उगाने वाले विद्याधर आज 7 से 8 एकड़ में गेंदा फूल की व्यावसायिक खेती कर लाखों रुपये कमा रहे हैं। उनकी बगिया में खिलने वाले गेंदे की महक न केवल छत्तीसगढ़ के कई जिलों तक फैली है, बल्कि पड़ोसी राज्य ओडिशा के बाजारों में भी इसकी जबरदस्त मांग है।
विद्याधर के इस सफल सफर की शुरुआत वर्ष 1994-95 में सब्जी-भाजी की खेती से हुई थी। उस दौर में वे रायपुर और रायगढ़ की कृषि प्रदर्शनियों में गमलों में सब्जियां उगाने की कला का प्रदर्शन किया करते थे। इन्हीं प्रदर्शनियों के दौरान उन्होंने देखा कि बाजार में गेंदा फूल की मांग और मुनाफा दोनों ही काफी अधिक हैं। बस यहीं से उन्हें एक नया विचार मिला और वर्ष 2007-08 में उन्होंने गेंदे की खेती में कदम रखा। शुरुआती अनुभवों से सीखते हुए उन्होंने धीरे-धीरे इसका रकबा बढ़ाया, जो आज 8 एकड़ तक पहुंच चुका है।
हालांकि, सफलता की यह राह शुरुआत में आसान नहीं थी। पहले वे खुले खेत में बीज डालकर पौधे तैयार करते थे, लेकिन कई बार अंकुरण ठीक से न होने के कारण दोबारा बुवाई करनी पड़ती थी। इससे फसल पिछड़ जाती थी और दशहरा-दीपावली जैसे मुख्य त्योहारी सीजन में फूल बाजार तक नहीं पहुंच पाते थे। इसके अलावा, समय पर बिक्री न होने से फूलों के खराब होने और लागत डूबने का डर भी बना रहता था। इस चुनौती से निपटने के लिए विद्याधर ने तकनीक का सहारा लिया और ‘पॉलीबैग’ में पौधे तैयार करने शुरू किए। इस नवाचार से उन्हें दोहरा लाभ हुआ, एक तो पौधे सुरक्षित रहने लगे, और दूसरा यह कि दीपावली के बाद भी वे अपनी सुविधानुसार फूलों को बाजार में बेचने में सक्षम हो गए।
आर्थिक गणित की बात करें तो गेंदा फूल की खेती विद्याधर के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो रही है। प्रति एकड़ खेती में करीब 1 से 1.5 लाख रुपये की लागत आती है, जबकि इससे लगभग 5 लाख रुपये तक की आमदनी हो जाती है। दशहरा से दीपावली के बीच फूलों की सर्वाधिक मांग को देखते हुए वे साल भर पहले से ही इसकी तैयारी शुरू कर देते हैं। सिंचाई की पुख्ता व्यवस्था के लिए उनके खेत में दो निजी बोरवेल हैं, जिनसे पाइपलाइन के जरिए ड्रिप और स्प्रिंकलर सिस्टम जुड़ा हुआ है। इससे पानी की बचत के साथ फसलों को पर्याप्त नमी मिलती है।
आज विद्याधर के खेतों से निकलने वाले फूलों का नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर तक फैल चुका है। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर के अलावा ओडिशा के सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ जैसे प्रमुख शहरों में भी उनके फूलों की नियमित आपूर्ति होती है। पीक सीजन के दौरान प्रतिदिन 12 से 15 गाड़ियों के माध्यम से फूलों की खेप रवाना की जाती है। इस पूरे व्यापार में नगद लेन-देन होता है, जिससे श्रमिकों और वाहन चालकों का भुगतान भी बिना किसी देरी के समय पर हो जाता है।
विद्याधर की इस कामयाबी के पीछे उनके पूरे परिवार की एकजुटता है। उनकी पत्नी और तीनों बेटियां खेत के कामों से लेकर प्रबंधन तक में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देती हैं। इसके साथ ही, उन्होंने गांव के 15 से 20 स्थानीय लोगों को नियमित रोजगार दे रखा है। फूलों की ढुलाई के लिए उनके निजी वाहनों के अतिरिक्त रोजाना 8 से 10 गाड़ियां किराये पर ली जाती हैं, जिससे क्षेत्र के कई वाहन चालकों की आजीविका भी चल रही है।
गेंदा फूल के साथ-साथ विद्याधर ने अपनी आय के अन्य स्रोत भी सुरक्षित रखे हैं। फूलों का सीजन समाप्त होने के बाद वे 4 से 5 एकड़ जमीन पर भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी जैसी मौसमी सब्जियों का उत्पादन करते हैं। इतना ही नहीं, अपनी बाड़ी में वे छत्तीसगढ़ की पारंपरिक ‘छत्तीस भाजी’ भी उगाते हैं। आधुनिक सोच, परिवार के सहयोग और फसलों के सही चक्रण के दम पर विद्याधर आज क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए एक मिसाल बन चुके हैं।
