हरिद्वार। ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को एक शोक संवेदना संदेश भेजकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और इस कठिन घड़ी में परिजनों को संबल प्रदान करने की कामना की।
अपने शोक संदेश में शंकराचार्य ने कहा कि जीवन से माता की स्नेहमयी छत्रछाया का उठ जाना एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। उन्होंने उल्लेख किया कि योगी आदित्यनाथ भले ही पूर्ण रूप से राष्ट्रसेवा में समर्पित हैं, लेकिन जन्मदात्री माता का वात्सल्य और उनसे बिछोह किसी भी संतान के हृदय को गहराई तक व्यथित कर देता है।
जीवन के शाश्वत सत्य को रेखांकित करते हुए शंकराचार्य ने श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक ‘अव्यक्तादीनि भूतानि व्यक्तमध्यानि भारत। अव्यक्तनिधनान्येव तत्र का परिदेवना॥’ का उद्धरण दिया। उन्होंने कहा कि जन्म और मृत्यु ईश्वर का अटल विधान है। जन्म से पूर्व सभी प्राणी अव्यक्त रहते हैं, जीवनकाल में व्यक्त होते हैं और देहत्याग के पश्चात पुनः उसी अव्यक्त अवस्था में विलीन हो जाते हैं।
शंकराचार्य ने आगे कहा कि माता का असीम स्नेह, तपस्या, संस्कार और उनके द्वारा दिए गए उच्च जीवन मूल्य सदैव स्मृतियों में जीवंत रहेंगे। अंत में उन्होंने भगवान बदरीविशाल और बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिवार को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
